सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कहानी: रिश्तों की खटास

रोशनलाल ने पाँच साल पहले अपनी पत्नी कुसुम एवं ससुर रामलाल के कहने पर साले वीरेन्द्र को मकान खरीदने के लिए पूरे दस लाख रुपये बैंक से पर्सनल लोन लेकर दिए थे। जिसकी एक पाई भी वीरेन्द्र ने नहीं चुकाई थी। फोन उठाना बंद कर दिया था बात करना मिलना जुलना सब बंद हो गया था। ससुर ने भी कन्नी काट ली थी और पत्नी कुसुम की मनोदशा भी ठीक नहीं थी क्योंकि  वे पैसे उनके लिऐ बहुत जरूरी थे जो उसका भाई हज़म कर गया था।
रोशनलाल ने पूरे पाँच साल तक उस लोन की किश्त बैंक में भरी थी। दस लाख के अलावा तीन लाख का ब्याज भी भरा था। लेकिन वीरेन्द्र को इसका जरा भी मलाल नहीं था। जब वीरेन्द्र को पैसे लेना थे तब उसने रोशनलाल से बड़ी बड़ी बातें कहीं थीं जीजाजी आप मुझसे छोटे हो आपका पैसा खाकर मैं पाप में क्यों पड़ूँगा। ससुर रामलाल ने कहा था दामाद जी मेरी पूरी जवाबदारी है अगर मेरा बेटा आपके पैसे नही देगा तो मैं दूँगा लेकिन वे अब इस बात से इंकार कर रहे थे। कह रहे थे मैंने कब कहा ऐसा आप दोनों का मामला आप दोनों जानों मुझे इससे कोई लेना देना नहीं है। इस पर ससुर दामाद में खूब कहासुनी हुई थी जिससे कुसुम का मायका हमेशा के लिए छूट गया। इस बार वीरेन्द्र ने कुसुम से राखी तक नहीं बँधवाई थी। अपनी सगी बहनों को छोड़कर दूर के रिश्तों की बहनों से राखी बँधवा ली थी तथा उन्हें उपहार भी दिए थे। कुसुम ने इसकी शिकायत अपने माता पिता से भी की पर वे कुछ नहीं बोले उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। कुसुम रूआँसी होकर घर आई और फिर देर तक फूटफूटकर रोती रही। रोशनलाल ने वीरेन्द्र से ये तक कह दिया था कि भाई मेरा मूल दस लाख रुपये ही लौटा दो। तीन लाख का नुक्सान मैं बर्दाश्त कर लूँगा मगर वो तो एक रुपया देने के भी मूड में नही था। रोशनलाल जी को एक आवासीय भूखण्ड लेना था जो बीस लाख रुपये में मिल रहा था। दस लाख रुपये तो उन्होंने जी पी एफ से निकलवा लिए थे। दस लाख रुपये की कमी पड़ रही थी जो वीरेन्द्र ने देने से इंकार कर दिया था। रोशनलाल इससे परेशान हो गए थे। वे किराये के मकान में रह रहे थे। जिसके मालिक सुरेश ने उन्हें मकान खाली करने का नौटिस दे दिया था। रोशनलाल ने यही सोच रखा था कि वे अपने जी पी एफ की रकम तथा वीरेन्द्र से वापस किए अपने रुपयों से प्लॉट खरीद लेंगे और उस पर बैंक से हाऊस लोन लेकर मकान बना लेंगे। ताकि किराये के मकान से मुक्ति मिले मगर ऐसा नहीं हो सका था। इसी बात से कुसुम भी बहुत दुखी थी। रोशनलाल कह रहा था कि जानती हो जब मैंने वीरेन्द्र को दस लाख रुपये दिए थे तब इस भूखण्ड की कीमत रजिस्ट्री खर्च सहित आठ लाख रुपये थी। आज यह साढ़े बाइस लाख रुपये का पड़ रहा है। तब रेत बीस हजार रुपये में एक ट्रक आ रही थी अब अस्सी हजार रुपये में आ रही है। कुसुम बोली अब क्या करेंगे। वे बोले करना क्या कल से किराये के मकान की तलाश करेंगे। मैं अपने रुपये वापस पाने के लिए आज वकील से भी मिला था वकील ने कहा इसकी कोई लिखा पढ़ी है तुम्हारे पास। जब मैंने कहा नहीं है खाली जुबान के आधार पर दिए थे इस पर वकील ने कहा था तब तो अपना रुपया वापस पाने की उम्मीद करना छोड़ दो। रोशनलाल कुसुम से कह रहे थे कि देख लिया शराफ़त का नतीजा। ऐसा लगता है कि अब अपनी तो सारी जिंदगी किराये के मकानों में ही रहते हुए गुजरेगी।


*****
रचनाकार
प्रदीप कश्यप

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

व्यंग्य : जीते जी रोटी को तरसाया मरने के बाद श्राद्ध

आज कल सोलह श्राद्ध का समय चल रहा है कई जगह पर श्राद्ध के आयोजन हो रहे हैं बहुत सारे लोगों को भोजन कराया जा रहा है अपने पितरों के श्राद्ध में लोग हज़ारों रुपये भी खर्च कर रहे हैं उनमें कुछ तो ऐसे हैं जिन्होंने जीते जी अपने बूढ़े माँ बाप की खबर तक नहीं ली और अब उनके मरने पर उनके श्राद्ध पर बड़ा आयोजन कर रहे हैं उनकी तस्वोर पर माला चढ़ा रहे हैं। ऐसे लोगों में शहर के रविकांत जी भी हैं उन्होंने अपने स्वर्गीय माता पिता की तिथि पर भव्य आयोजन किया था खूब पकवान खिलाए गए थे खूब दान किया गया था पर उन्होंने अपने माता पिता को जीते जी बहुत दुख दिए थे। उनके पिताजी सत्तासी वर्ष के थे माँ पिच्यासी वर्ष की दोनों अपने पुराने घर में रहते थे उनका बेटा रविकांत उनकी कभी खोज खबर नहीं लेता था बेटी विदेश में दामाद के साथ रह रही थी। वे दोनों ही एक दूसरे का ख्याल रख रहे थे एक दिन रविकांत जी के पिताजी का दुखद निधन हो गया तब रविकाँत घर?आया पिताजी की उत्तर क्रिया करने के बाद चला गया रविकाँत की माँ अकेली रह गई थीं वे सीधी सरल थी जबकि बेटा बहू चपल चालाक बेटे बहू ने बातों में लेकर उनकी सारे सोने चाँदी के जे...

दुर्भावना रखकर निंदा करने वाले लोग (व्यंग्य)

कबीर जी ने निंदक को इसलिए हितकारी कहा है क्योंकि वो हमारी बुराइयों को उजागर करते हैं और हम उन्हें दूर करते चले जाते हैं। इस तरह हमारा स्वभाव निर्मल हो जाता है। लेकिन आज के दौर में दुर्भावना रखकर निंदा करने वालों की संख्या ज्यादा हो गई है। ऐसे लोग हमारी बुराईयों को उजागर नहीं करते बल्कि हमारी खूबियों को छिपाकर मन में दुर्भावना रखते हुए हमारी निंदा करते हैं। इन लोगों से दूर रहने में ही भलाई है। अगर इनको साथ रखा तो ये हमारा मनोबल तोड़कर रख देंगे। हमें नकारा साबित करने की कोशिश करेंगे हमारे आत्मविश्वास को डगमगा देंगे। ये दुर्भावना रखकर निंदा करने वाले लोग अपने विरोधियों को निपटाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। उसके सारे अवसर या तो खत्म कर देते हैं या छीन लेते हैं। ये लोग हद दर्जे के मतलबी इंसान होते हैं। जिस से मतलब निकालना हो उसकी झूठी तारीफों के पुल बाँधते हैं। उसकी खूब चापलूसी करते हैं उसे महान सिद्ध कर देते हैं और समाज में एक भ्रम की स्थिति पैदा कर देते हैं। ये ग्रुप बनाने में माहिर होते हैं। जो इनके गुट में शामिल हो जाता है ये उसके हर ऐब ढँक लेते हैं। उसे स्थापित करने के हर स...

कहानी: बकरी

वनक्षेत्र के समीप स्थित गाँव खुशामदा के बकरी पालक रमणलाल ने इस बार के पशु मेले में पाँच लाख रुपये के बकरे बेचे थे। दो महीने पहले वो तीन लाख रुपये की बकरियाँ बेच चुका था इसके अलावा हर महीने वो चालीस हज़ार रुपये का बकरी का दूध भी बेच देता था। उसने गाँव में पक्का मकान बनवा लिया था और अच्छे से अपना जीवन यापन कर रहा था। जबकि दूसरी और उसका पड़ोसी किसान ओम प्रकाश दस एकड़ का भूमि स्वामी होने के बाद भी गले-गले तक कर्ज में डूबा हुआ था। दो लाख रुपये कर्ज तो रमणलाल ने भी उसे दे रखा था। रमणलाल के पास आठ साल पहले कुछ नहीं था। वो अत्यंत गरीब खेतिहर मजदूर था। महीने में कभी बीस दिन तो कभी दस दिन ही उसे काम मिलता था। जिसमें उसका मुश्किल से गुजर बसर होता था। रमणलाल ने तब गाँव के किसान हेमराज के यहाँ कुआँ की खुदाई के कार्य में मजदूरी की थी उसके एक हज़ार रुपये बकाए थे। वो अपने रुपये का तकाजा करने हेमराज के पास गया था। हेमराज को उदास देखकर उसने कारण पूछा तो हेमराज ने दौखक होकर कहा कि बच्चे को बकरी का दूध पिलाने का परामर्श वैद्य जी ने दिया था। उसके लिए मैं बाजार से बकरी लाया था जो दो चार दिन में जनने वाली थी...